अवैध शराब निर्माण के विरुद्ध आबकारी/पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई, पुराने खंडहर मकान से 45 किलो महुआ लाहन बरामद
सागर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस देवरी श्री अरुण उइके एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम डिलोना में अवैध शराब निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान ग्राम डिलोना निवासी राजा भैया लोधी के पुराने खंडहर मकान की तलाशी ली गई। मकान में रखे 3 कुप्पों से लगभग 45 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया, जिसका उपयोग अवैध रूप से शराब बनाने में किया जाना था।
पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बरामद 45 किलोग्राम महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया, जिससे अवैध शराब निर्माण की संभावित गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
कार्रवाई के दौरान राजा भैया लोधी की उसके मकान एवं आसपास के संभावित छिपने वाले स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। आरोपी की तलाश एवं मामले से संबंधित आगे की कार्रवाई जारी है।
अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी
सागर जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस एवं आबकारी विभाग द्वारा लगातार संयुक्त एवं पृथक रूप से कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब के कारोबार से जुड़े व्यक्तियों के संभावित ठिकानों पर निगरानी रखते हुए आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








