मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर जहरीली शराब कांड में बड़ी कार्रवाई, चंदू राजपूत और आशीष साहू के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

By: गजेंद्र ठाकुर
Sponsor Ad
सागर जहरीली शराब कांड में बड़ी कार्रवाई, चंदू राजपूत और आशीष साहू के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

वार्ड 11 और 12 में पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई, मनीष लोधी के तीन मकानों के अवैध हिस्से भी ढहाए गए; मौतों को लेकर प्रशासन और स्थानीय आंकड़ों में अंतर

सागर। बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में गुरुवार को पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने वार्ड नंबर 11 और 12 में पहुंचकर मुख्य आरोपी चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू और आशीष साहू के अवैध निर्माणों को हटाया। चंद्रभान सिंह राजपूत करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष भी हैं।

कार्रवाई के दौरान तीन जेसीबी मशीनों को लगाया गया था। मौके पर किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा। इसके साथ ही पुलिस-प्रशासन की टीम ने मनीष लोधी के तीन मकानों में किए गए अवैध निर्माण वाले हिस्सों को भी तोड़ दिया।

मौतों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े

सागर में जहरीली शराब से मौतों को लेकर आंकड़ों में अंतर सामने आया है। स्थानीय स्तर पर मृतकों की संख्या 28 तक पहुंचने की बात कही जा रही है, जबकि प्रशासन की ओर से फिलहाल 15 मौतों की ही पुष्टि की गई है।

मुख्यमंत्री ने दिए न्यायिक जांच के आदेश

मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जहरीली शराबकांड की न्यायिक जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री बुधवार को सागर जिला अस्पताल पहुंचे थे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ आजीवन कारावास और फांसी जैसी सजा वाली धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने प्रशासन को मामले में सख्त कार्रवाई के लिए फ्री हैंड दिए जाने की बात भी कही।

16 आरोपी गिरफ्तार, 17 पर इनाम

जांच के दौरान पुलिस ने अब तक सामने आए 33 आरोपियों में से 16 को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पुलिस को अवैध शराब तैयार करने, उसकी पैकिंग और ग्रामीण इलाकों तक पहुंचाने वाले सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी जानकारी मिली है।

जांच में बरेठी शराब दुकान के लाइसेंसी ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर, निवासी बंडा, की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार मनीष लोधी अंतरराज्यीय शराब तस्कर रवि लखेरा के संपर्क में था।

पुलिस का कहना है कि रवि लखेरा से शराब तैयार करने की विधि और फार्मूला मिलने के बाद अवैध शराब बनाई गई। मामले में फरार मुख्य आरोपी मनीष लोधी और रवि लखेरा की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। वहीं, अन्य 15 फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम रखा गया है।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →