सागर। कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने बंडा और बाछलोन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 10.3 लाख रुपये मूल्य की मदिरा बरामद की है।
पहली कार्रवाई 10 सितंबर की देर रात बंडा क्षेत्र के ग्राम हीरापुर (थाना शाहगढ़) में की गई। मुखबिर की सूचना पर आबकारी अमले ने फरार आरोपी मनीष लोधी द्वारा शराब के बड़े ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान विभिन्न विदेशी मदिरा ब्रांड की 261 बल्क लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2.8 लाख है। आरोपी के खिलाफ म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)क, 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरी कार्रवाई 11 सितंबर को वृत्त आंतरिक क्षेत्र के ग्राम बाछलोन में की गई। यहाँ एक खाली मकान की तलाशी लेने पर 96 पेटी विदेशी मदिरा, बीयर और देशी मदिरा (कुल 164 बल्क लीटर) जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग ₹7.5 लाख आंकी गई है। इस मामले में भी आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।








