मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

बंडा-बाछलोन में आबकारी की बड़ी कार्रवाई, 10.30 लाख की अवैध शराब जब्त

By: गजेंद्र ठाकुर
Sponsor Ad
बंडा-बाछलोन में आबकारी की बड़ी कार्रवाई, 10.30 लाख की अवैध शराब जब्त

बंडा-बाछलोन में आबकारी की बड़ी कार्रवाई, 10.30 लाख की अवैध शराब जब्त

कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई; दो अलग-अलग ठिकानों से विदेशी, देशी शराब और बीयर बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी

सागर। बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब कांड के बाद आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर आबकारी अमले ने बंडा और बाछलोन क्षेत्र में दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर कुल करीब 10.30 लाख रुपये मूल्य की मदिरा जब्त की है। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश और शराब के स्रोत की जांच शुरू कर दी गई है।

हीरापुर में फरार आरोपी के ठिकाने पर दबिश

पहली कार्रवाई 10 सितंबर की देर रात बंडा क्षेत्र के ग्राम हीरापुर, थाना शाहगढ़ में की गई। आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फरार आरोपी मनीष लोधी द्वारा एक मकान का इस्तेमाल शराब के बड़े भंडारण केंद्र के रूप में किया जा रहा है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने बताए गए मकान पर दबिश देकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान विभिन्न विदेशी मदिरा ब्रांड की कुल 261 बल्क लीटर शराब बरामद हुई। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत करीब 2.80 लाख रुपये बताई गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां खपाया जाना था।

बाछलोन में खाली मकान से 96 पेटी शराब बरामद

दूसरी कार्रवाई 11 सितंबर को आबकारी वृत्त आंतरिक क्षेत्र के ग्राम बाछलोन में की गई। यहां एक खाली मकान की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण मिला। टीम ने मौके से विदेशी मदिरा, बीयर और देशी मदिरा की कुल 96 पेटियां जब्त कीं। इनकी कुल मात्रा 164 बल्क लीटर बताई गई है।

जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 7.50 लाख रुपये आंकी गई है। आबकारी विभाग ने इस मामले में भी मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मकान में शराब किसने रखी थी और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं, इसकी जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए विभागीय स्तर पर कार्रवाई जारी है।

शराब के नेटवर्क की पड़ताल पर जोर

दोनों कार्रवाई में बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने के बाद आबकारी विभाग अब इसके भंडारण और सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल में जुटा है। खासतौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई, किन लोगों के माध्यम से ठिकानों तक पहुंची और इसे किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी।

अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। बंडा क्षेत्र में हाल ही में सामने आए जहरीली शराब प्रकरण के बाद अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री से जुड़े ठिकानों पर लगातार दविश दी जा रही हैं।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →