प्रेशराइज्ड इरीगेशन परियोजना को लेकर जिला पंचायत CEO सख्त, गांव-गांव लगेंगे जागरूकता शिविर
किसानों को सूक्ष्म सिंचाई योजना से जोड़ने की तैयारी, पात्रता से लेकर अनुदान और पंजीयन तक की दी जाएगी जानकारी
सगार। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश कुमार गोमे की अध्यक्षता में आज प्रेशराइज्ड इरीगेशन परियोजना के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना के कमांड एरिया में शामिल गांवों के किसानों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार करने पर चर्चा हुई। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की वर्गवार सूची तैयार कर गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान सूक्ष्म सिंचाई योजना से जुड़ सकें।
बैठक के दौरान उप संचालक उद्यानिकी ने बताया कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसानों के लिए निर्धारित मिनी स्प्रिंकलर के लक्ष्यों को समय पर पूरा करना जरूरी है। इसके लिए गांवों में शिविर लगाने की योजना बनाई गई है। इन शिविरों में विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी और सूक्ष्म सिंचाई कंपनियों के प्रतिनिधि मिलकर काम करेंगे। किसानों का पोर्टल पर पंजीयन कराने के साथ उन्हें योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
जिला पंचायत सीईओ गोमे ने निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव में शिविर और चौपाल के माध्यम से किसानों से सीधा संवाद किया जाए। इस दौरान गांव में किसानों की कुल संख्या, उनके पास उपलब्ध कृषि भूमि और उद्यानिकी फसलों के अंतर्गत आने वाले रकबे का विवरण जुटाया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को योजना की पात्रता, मिलने वाले लाभ, अनुदान और आवेदन की प्रक्रिया समझाने के लिए डिजिटल प्रचार सामग्री तैयार की जाए और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
उन्होंने अभियान में कृषि, पशुपालन और राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के मैदानी कर्मचारियों को भी सक्रिय रूप से शामिल करने पर जोर दिया। इसके अलावा प्रत्येक गांव से प्रगतिशील किसानों का चयन कर उनके व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए गए। इन समूहों के जरिए योजना से जुड़ी जरूरी जानकारियां, सूचनाएं और अपडेट किसानों तक पहुंचाए जाएंगे।
सीईओ ने संबंधित विभागों को योजना के प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए विशेष टीम गठित करने को भी कहा। यह टीम गांवों में पहुंचकर किसानों से व्यक्तिगत संपर्क करेगी और उन्हें योजना की पूरी जानकारी देगी। प्रचार सामग्री में मिलने वाले अनुदान, किसान के हिस्से की राशि, पात्रता की शर्तों और जरूरी दस्तावेजों का स्पष्ट उल्लेख करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर किसानों का पंजीयन बढ़ाया जाए। साथ ही अधिक से अधिक कृषकों को सूक्ष्म सिंचाई व्यवस्था से जोड़ने के लिए गांव स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएं, ताकि पात्र किसानों को योजना का लाभ मिल सके।








