मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

निवेश के नाम पर रकम दोगुनी करने का झांसा, 6 आरोपी गिरफ्तार

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
निवेश के नाम पर रकम दोगुनी करने का झांसा, 6 आरोपी गिरफ्तार

निवेश के नाम पर रकम दोगुनी करने का झांसा, 6 आरोपी गिरफ्तार

मंडला में करीब 1.75 करोड़ की धोखाधड़ी की शिकायतें सामने आईं, 66.50 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

मंडला। निवेश की राशि कम समय में दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों से रकम लेने वाले गिरोह के छह आरोपियों को मंडला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 लाख रुपए नकद, तीन स्कूटी, मारुति ब्रेजा, हुंडई अल्काजार कार और एक मोबाइल फोन समेत करीब 66 लाख 50 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान अब तक करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपए की धोखाधड़ी संबंधी शिकायतें सामने आई हैं। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। टीमों ने नागपुर, गोंदिया, मुंबई और बालाघाट समेत अन्य स्थानों पर जानकारी जुटाकर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गोंदिया, बालाघाट और मंडला से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

धोखाधड़ी की रकम से वाहन छुड़ाने का आरोप

जांच में सामने आया कि हुंडई अल्काजार कार पहले गिरवी रखी गई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित रूप से धोखाधड़ी से प्राप्त रकम में से 11 लाख रुपए नकद देकर कार को छुड़ाया था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि धोखाधड़ी से प्राप्त रकम का इस्तेमाल वाहनों और अन्य संपत्तियों की खरीद में किस तरह किया गया।

नागपुर में भी दर्ज है मामला

जांच में एक आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र के नागपुर जिले के नंदनवन थाने में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इस मामले में आरोपी के जमानत पर होने की बात पुलिस ने बताई है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर निवेशकों की संख्या, उनसे प्राप्त रकम, आपसी वित्तीय लेन-देन, खरीदी गई संपत्तियों और धोखाधड़ी की रकम के इस्तेमाल से संबंधित जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कम समय में रकम दोगुनी करने या असामान्य रूप से अधिक लाभ देने वाली निवेश योजनाओं के झांसे में आकर अपनी जमा पूंजी न लगाएं। किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधानिकता और सत्यता की जांच करें। संदिग्ध निवेश योजना या धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →