मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, 19 वर्षीय युवती ने बच्ची को दिया जन्म

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, 19 वर्षीय युवती ने बच्ची को दिया जन्म

देवरी में युवती ने सुमित नाम के युवक पर करीब दो महीने तक शारीरिक शोषण करने का लगाया आरोप, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच

सागर। देवरी में 19 वर्षीय युवती ने एक युवक पर शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म करने और करीब दो महीने तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती के मुताबिक, आरोपी के संपर्क में आने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी। इसी दौरान युवक ने शादी करने की बात कहकर उसके साथ संबंध बनाए। बाद में युवती गर्भवती हो गई और उसने एक बच्ची को जन्म दिया।

फरवरी में हुई थी सुमित से पहचान

शनिवार को युवती अपनी मां के साथ देवरी थाने पहुंची और पुलिस को शिकायत दी। युवती ने बताया कि वह अपनी मां के साथ मजदूरी करती है और नानी के घर रहकर पढ़ाई करती थी। फरवरी में उसकी पहचान सुमित नाम के युवक से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होने लगी। युवती के अनुसार, सुमित उसके साथ दोस्त की तरह व्यवहार करता था और बाद में उसके घर भी आने-जाने लगा।

पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान सुमित ने उससे शादी करने की बात कही और उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती के अनुसार, इसके बाद भी करीब दो महीने तक आरोपी उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

तबीयत बिगड़ी तो गर्भवती होने की जानकारी मिली

कुछ समय बाद युवती को पेट में दर्द और उल्टियां होने लगीं। तबीयत खराब होने पर परिजन उसे देवरी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकीय जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई।

युवती ने फोन के जरिए सुमित को गर्भवती होने की बात बताई और उससे शादी करने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद सुमित ने शादी करने से इनकार कर दिया और युवती को धमकाने लगा। इसी बीच उसकी तबीयत और बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में ही युवती ने एक बच्ची को जन्म दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और युवती के बयान दर्ज किए। शिकायत और बयानों के आधार पर पुलिस ने सुमित के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

एसडीओपी अरुण उईके ने बताया कि युवती ने दुष्कर्म की शिकायत की है। शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और जल्द उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →