मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद सुनील लोधी की आंखों का इलाज शुरू, BMC में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच
सागर में बुंदेली गायक सुनील लोधी के उपचार की प्रक्रिया शुरू, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इलाज, संगीत शिक्षा और एक लाख रुपये की सम्मान निधि देने का किया था ऐलान
सागर। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लोकप्रिय गीत ‘मोरे संकट के कटैया’ से देश-विदेश में पहचान बनाने वाले बुंदेली युवा गायक सुनील लोधी के जीवन में अब नई उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आश्वासन के बाद उनकी आंखों के उपचार की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार को सुनील लोधी का सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण किया।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी को बीएमसी लाया गया, जहां नेत्र विशेषज्ञों की टीम ने उनकी आंखों की विस्तृत जांच की। इस दौरान वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण खरे सहित चिकित्सकों ने परीक्षण कर आगे के उपचार की संभावनाओं का आकलन किया। जांच के बाद उनकी दृष्टि संबंधी समस्या के उपचार की दिशा में चिकित्सकीय प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
कलेक्टर से मिले, सुनाया भजन
बीएमसी में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सुनील लोधी ने कलेक्टर दिलीप कुमार यादव से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपनी सुरीली आवाज में भजन प्रस्तुत किया। उनकी गायकी ने वहां मौजूद लोगों को प्रभावित किया।
मुख्यमंत्री ने किए थे तीन बड़े ऐलान
दरअसल, फिल्म ‘हनुमान अंश’ के गीत ‘मोरे संकट के कटैया’ के जरिए सुनील लोधी की प्रतिभा सामने आने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनसे और उनके परिवार से मुलाकात की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुनील की आंखों का बेहतर इलाज कराने, संगीत की उच्च शिक्षा दिलाने और एक लाख रुपये की सम्मान निधि देने की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद उपचार की प्रक्रिया शुरू होने से सुनील और उनके परिवार में खुशी है। परिजनों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है। अब सभी की निगाहें उपचार के परिणाम और सुनील की आंखों की रोशनी को लेकर चिकित्सकीय संभावनाओं पर टिकी हैं।








