भोपाल से अयोध्या के लिए रोजाना ट्रेन चलाने की मांग, महामना एक्सप्रेस का भी बढ़ेगा दायरा!
राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल ने रेलवे के महाप्रबंधक के सामने रखे कई प्रस्ताव, मंडी बामोरा में तीन एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टॉपेज और बीना में बड़े अस्पताल की स्थापना का सुझाव
भोपाल। भोपाल रेल मंडल में यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेल संपर्क को बेहतर बनाने के लिए राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल ने पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने भोपाल और आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी कई रेल समस्याओं को सामने रखते हुए नई ट्रेन, ट्रेनों के विस्तार, स्टॉपेज और रेलवे स्टेशनों के विकास से संबंधित प्रस्ताव रखे।
सांसद ने भोपाल या रानी कमलापति स्टेशन से अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन शुरू करने की मांग की। इसके अलावा महामना एक्सप्रेस को रानी कमलापति स्टेशन तक चलाने और मंडी बामोरा स्टेशन पर तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव देने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे की विकास योजनाओं का लाभ केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि छोटे कस्बों के यात्रियों को भी बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।
मंडी बामोरा और बीना स्टेशन के विकास पर जोर
बैठक में मंडी बामोरा रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। सांसद ने यहां प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्गो टर्मिनल स्थापित करने का प्रस्ताव भी दिया। साथ ही प्रयागराज एक्सप्रेस, इटारसी एक्सप्रेस और पातालकोट एक्सप्रेस का ठहराव मंडी बामोरा स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग रखी।
बीना रेलवे स्टेशन के आसपास स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) के जरिए पीपीपी मॉडल पर एक बड़े अस्पताल की स्थापना का सुझाव दिया गया। इसके साथ ही बीना स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने और यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का मुद्दा भी अधिकारियों के सामने रखा गया।
सांसद ने बीना-सागर रेलवे अंडरब्रिज के निर्माण और मालगोदाम तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग विकसित करने की जरूरत बताई। उन्होंने बीना-मालखेड़ी स्टेशन को फिर से भोपाल रेल मंडल के अधीन लाने तथा झांसी और कटनी रेल लाइनों से संबंधित मंडलीय सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करने का प्रस्ताव भी दिया।
विंध्याचल एक्सप्रेस के प्रस्थान समय में बदलाव का सुझाव
रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल ने विंध्याचल एक्सप्रेस के समय में बदलाव का प्रस्ताव रखा। उन्होंने ट्रेन को भोपाल स्टेशन से शाम 6:20 बजे के बजाय रात 7:50 बजे रवाना करने का सुझाव दिया।
इसके अलावा भोपाल-जोधपुर ट्रेन का ठहराव महादेवखेड़ी स्टेशन पर देने की मांग की गई। महादेवखेड़ी, समरखेड़ी और कंजिया रेलवे स्टेशनों तक आने-जाने के लिए बेहतर पहुंच मार्ग बनाने का विषय भी बैठक में उठाया गया।
सांसद ने महामना एक्सप्रेस को रानी कमलापति स्टेशन तक विस्तारित करने का प्रस्ताव दोहराते हुए रेलवे अधिकारियों से इन सभी मांगों पर आवश्यक पहल करने की बात रखी।








