छतरपुर/बक्सवाहा: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बक्सवाहा थाना क्षेत्र में एक वांछित आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपी ने हमला कर दिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने हाथापाई करते हुए एक आरक्षक के हाथ में जोर से काट लिया। इसके बाद जब आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया, तो उसकी रिपोर्ट में वह HIV पॉजिटिव पाया गया। इस खुलासे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
फरार आरोपी को दबोचने गई थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, बक्सवाहा थाने की पुलिस टीम एक मामले में फरार चल रहे स्थायी आरोपी की तलाश में दबिश देने गई थी। पुलिस को देखकर आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए आक्रामक रुख अपनाया और पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी ने आरक्षक के हाथ पर दांतों से काटकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मेडिकल जांच में हुआ बड़ा खुलासा घटना के बाद पुलिस ने किसी तरह आरोपी को काबू में किया और उसे थाने लेकर आई। नियमानुसार जब आरोपी का मेडिकल परीक्षण और ब्लड सैंपल की जांच कराई गई, तो रिपोर्ट में उसके HIV पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। जैसे ही यह बात पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को पता चली, महकमे में चिंता और हड़कंप की स्थिति बन गई।
घायल आरक्षक सागर मेडिकल कॉलेज रेफर आरक्षक के HIV पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आने और उसके काटने की घटना को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस विभाग ने तुरंत एहतियाती कदम उठाए। घायल आरक्षक को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल बेहतर इलाज और पोस्ट-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस (PEP) कोर्स के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) सागर रेफर किया गया है। डॉक्टरों की देखरेख में आरक्षक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
वहीं, जब स्वतंत्र रूप से BMC के एसोसिएट प्रोफेसर एवं वायरोलॉजी (विषाणु विज्ञान) नोडल अधिकारी डॉ. सुमित रावत से इस मामलें में जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि इस ऐसे में संक्रमण फैलने की आशंका न के बराबर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचआईवी संक्रमण इस तरह से नहीं फैलता है। हालांकि, उन्होंने एहतियात बरतने और आवश्यक सावधानियों का पालन करने की सलाह दी, और आरक्षक का इलाज जारी बताया जा रहा हैं।
पुलिस प्रशासन सतर्क छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के दौरान पुलिसकर्मियों को कई बार ऐसी जोखिम भरी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। आरोपी फिलहाल पुलिस की सख्त हिरासत में है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की पूरी निगरानी की जा रही है।








