मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

रबी सीजन से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, 25 अक्टूबर तक पूरा करें मेंटेनेंस- कलेक्टर

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
रबी सीजन से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, 25 अक्टूबर तक पूरा करें मेंटेनेंस- कलेक्टर

रबी सीजन से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, 25 अक्टूबर तक पूरा करें मेंटेनेंस- कलेक्टर

सागर। आगामी रबी सीजन 2026-27 में किसानों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कृषि और घरेलू फीडरों का मेंटेनेंस कार्य तेजी से पूरा करने, खराब ट्रांसफॉर्मरों को निर्धारित समय-सीमा में बदलने और बार-बार फॉल्ट होने वाले फीडरों की पेट्रोलिंग कराने के निर्देश दिए।

15 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि रबी सीजन के दौरान किसानों को सिंचाई के लिए गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलनी चाहिए। उन्होंने कृषि फीडरों पर शासन के निर्देशानुसार प्रतिदिन 10 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

खराब ट्रांसफॉर्मर तय समय में बदलें

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खराब वितरण ट्रांसफॉर्मरों को शहरी क्षेत्रों में 12 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 24 से 48 घंटे के भीतर बदला जाए। इसके लिए संभाग एवं उपसंभाग स्तर पर 25, 63 और 100 केवीए क्षमता के ट्रांसफॉर्मरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने को कहा गया।

उन्होंने 33/11 केवी उपकेंद्रों पर पावर ट्रांसफॉर्मरों की लोडिंग क्षमता की नियमित निगरानी करने तथा ओवरलोडिंग की स्थिति में लोड संतुलित करने और जरूरत के अनुसार क्षमता बढ़ाने के कार्य समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए।

25 अक्टूबर तक पूरा करना होगा मेंटेनेंस

विद्युत लाइनों की सुरक्षा और निर्बाध आपूर्ति के लिए कलेक्टर ने 33 केवी एवं 11 केवी के कृषि और घरेलू फीडरों पर लाइनों के संपर्क में आने वाली पेड़ों की डालियों की छंटाई का काम 25 अक्टूबर 2026 तक शत-प्रतिशत पूरा करने को कहा।

इसके साथ ही ढीले तारों, जंपर, पिन एवं डिस्क इंसुलेटर और अर्थिंग सिस्टम की सघन जांच कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।

फॉल्ट रोकने के लिए होगी पेट्रोलिंग

कलेक्टर ने बार-बार ट्रिप होने वाले संवेदनशील फीडरों की तत्काल पेट्रोलिंग कराकर फॉल्ट के मूल कारणों का पता लगाने और उनका स्थायी निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने फ्यूज कॉल सेंटरों और बिजली सुधार दलों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए, ताकि बिजली संबंधी शिकायतों का समय पर समाधान हो सके और किसानों को सिंचाई के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में अधीक्षण अभियंता, सागर वृत्त सहित सागर संभाग, शहर संभाग और संचालन-संधारण से जुड़े कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं अन्य विद्युत अधिकारी उपस्थित रहे।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →