सागर BMC में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, हजारों मरीजों को मिला आधुनिक जांच और उपचार का लाभ
कैंसर के इलाज के लिए 171.93 करोड़ रुपये से अस्पताल बनाने का प्रस्ताव, 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण जारी
सागर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय (बीएमसी) में लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत ‘कहानी सेवा की’ श्रृंखला में चिकित्सा क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी सामने आई है। यहां आधुनिक जांच, गंभीर बीमारियों के उपचार, पुनर्वास सेवाओं और चिकित्सा अधोसंरचना को विकसित करने पर काम किया जा रहा है।
बीते ढाई वर्षों के दौरान बीएमसी में उपलब्ध आधुनिक जांच सुविधाओं से हजारों मरीजों को लाभ मिला है। इस अवधि में 4,319 मरीजों ने सीटी स्कैन और 929 मरीजों ने एमआरआई जांच कराई, जबकि मैमोग्राफी के जरिए 249 मरीजों की जांच की गई। फिजियोथेरेपी विभाग में ओपीडी के 16,166 मरीजों और अस्पताल में भर्ती 2,355 मरीजों को उपचार संबंधी सुविधाएं दी गईं। वहीं, सेरेब्रल पाल्सी क्लिनिक के माध्यम से 178 मरीजों को सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में भी बीएमसी में सुविधाएं दी जा रही हैं। कॉर्नियल ट्रांसप्लांट कार्यक्रम के तहत अब तक 18 नेत्रदान हुए हैं और 28 सफल कॉर्निया प्रत्यारोपण किए गए हैं। इसके अलावा, स्पीच थेरेपी के अंतर्गत 286 मरीजों को कुल 685 सत्रों के माध्यम से उपचार उपलब्ध कराया गया।
कैंसर उपचार के लिए अस्पताल बनाने का प्रस्ताव
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 171.93 करोड़ रुपये की लागत से कैंसर अस्पताल के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। वर्तमान में बीएमसी के रेडियोथेरेपी विभाग में 734 कैंसर मरीज पंजीकृत हैं, जिन्हें उपचार और कीमोथेरेपी की सुविधा दी जा रही है।
महिलाओं में स्तन कैंसर की पहचान के लिए संचालित पिंक क्लिनिक के माध्यम से भी जांच और उपचार किया जा रहा है। यहां ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग के तहत 547 जांचें की गईं, जिनमें 103 मामले चिन्हित हुए। इनमें से 77 मरीजों की सर्जरी की गई। इसी तरह, एंडोक्राइन क्लिनिक में 243 थायराइड और 396 डायबिटीज के मरीजों की पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
न्यूरोसर्जरी विभाग और क्रिटिकल केयर ब्लॉक पर काम जारी
बीएमसी में गंभीर बीमारियों के उपचार की क्षमता बढ़ाने के लिए न्यूरोसर्जरी विभाग विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही अस्पताल की तीसरी मंजिल पर 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का निर्माण भी प्रगतिरत है। इस ब्लॉक में मॉड्युलर ऑपरेशन थिएटर की सुविधा भी प्रस्तावित निर्माण का हिस्सा है।
आधुनिक जांच केंद्रों, गंभीर बीमारियों के उपचार और अस्पताल की सुविधाओं के विस्तार से सागर सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य मरीजों को अपने क्षेत्र में ही जांच और उपचार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।








