मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, पति-सास-ससुर पर हत्या का आरोप

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
सागर में 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, पति-सास-ससुर पर हत्या का आरोप

9 महीने से मायके में रह रही थी संगीता, छोटे बेटे की बीमारी का हवाला देकर 15 दिन पहले पति ले गया था ससुराल; पुलिस ने शुरू की जांच

सागर। सागर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना चौकी में 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला ने फांसी लगाकर जान दी, जबकि मायके वालों ने इसे हत्या बताते हुए उसके पति, सास और ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। देर शाम शव को देवरी स्थित पोस्टमार्टम सेंटर लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान संगीता उर्फ बसंती विश्वकर्मा (32) के रूप में हुई है। उसके भाई खेमचंद विश्वकर्मा के मुताबिक, करीब 12 साल पहले संगीता का विवाह ग्राम पुरैना निवासी महेंद्र विश्वकर्मा से हुआ था। शादी के बाद दंपती के दो बच्चे हुए।

मृतका के भाई खेमचंद विश्वकर्मा, जो ग्राम बासादेही नया खेड़ा, जिला नरसिंहपुर के निवासी हैं, ने आरोप लगाया कि महेंद्र शराब पीने के बाद उनकी बहन के साथ मारपीट करता था। इसी वजह से संगीता पिछले करीब नौ महीने से अपने मायके में रह रही थी। खेमचंद के अनुसार, लगभग 15 दिन पहले महेंद्र छोटे बेटे की बीमारी का हवाला देकर संगीता को वापस ससुराल ले गया था। इसके कुछ समय बाद ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

मृतका की मां राजकुमारी ने भी बेटी के ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि संगीता का पति, सास और ससुर उसके साथ मारपीट करते थे। राजकुमारी ने यह भी आरोप लगाया कि महेंद्र के किसी दूसरी महिला से संबंध थे और शराब पीने के बाद वह अक्सर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था।

फिलहाल महिला की मौत को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। महाराजपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। संगीता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →