एसपी कार्यालय का घेराव करने जा रहा था ओबीसी महासभा का दल, विधायक घनश्याम सिंह के खिलाफ नारेबाजी के बीच ‘भाजपा मुर्दाबाद’ के नारे लगाने पर बढ़ा विवाद; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
दतिया। दतिया में एसपी कार्यालय के घेराव के दौरान हुई धक्का-मुक्की का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में प्रीतम लोधी अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन के लिए जाते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान कुछ समर्थक दतिया विधायक घनश्याम सिंह के खिलाफ नारे लगा रहे थे। तभी नारेबाजी कर रहे एक व्यक्ति के हाथ से माइक लेकर दूसरे व्यक्ति ने ‘भाजपा मुर्दाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर प्रीतम लोधी और उनके समर्थक नाराज हो गए। वीडियो में कुछ लोगों को उस व्यक्ति के साथ धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। बाद में मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया।
दरअसल, यह पूरा मामला चिरुला थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले सहायक यंत्री भूपेंद्र राजपूत के साथ हुई मारपीट की घटना से जुड़ा है। भूपेंद्र राजपूत के परिवार ने आरोप लगाया था कि मारपीट के दौरान उनकी सोने की चेन और मोबाइल भी लूट लिए गए थे। परिवार का कहना है कि पुलिस ने मामले में केवल मारपीट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया और लूट से संबंधित धाराएं नहीं जोड़ीं।
इसी को लेकर ओबीसी महासभा ने कार्रवाई की मांग उठाई और एसपी कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान संगठन की ओर से एसपी और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले में लूट की धाराएं जोड़ने की मांग की गई।
इसी प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में नारे लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की दिखाई दे रही है।








