बालाजी छोले-भटूरे की दुकान से शुरू हुई आग ने आसपास की दुकानों को भी चपेट में लिया, दूसरी मंजिल पर फंसे 2-3 लोगों ने छत और पाइप के सहारे बचाई जान
भोपाल। राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बालाजी छोले-भटूरे की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने तेज रूप ले लिया और आसपास की करीब पांच दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग की गर्मी और लपटों के कारण आसपास खड़ी 10 से 12 रेहड़ियां भी जलकर पूरी तरह खाक हो गईं।
आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लपटें काफी ऊंचाई तक उठ रही थीं, जबकि धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन, महापौर मालती राय, विधायक भगवान दास सबनानी और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली।
दूसरी मंजिल पर फंसे लोग, छत और पाइप के सहारे निकले
व्यापारियों के अनुसार आग जब ऊपर दूसरी मंजिल तक पहुंची, उस समय वहां 2 से 3 लोग मौजूद थे। आग तेजी से फैलने के कारण उनके लिए नीचे आने का रास्ता मुश्किल हो गया। इसके बाद उन्होंने दूसरी छत पर पहुंचकर पाइप के सहारे नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।
बताया जा रहा है कि इस दौरान एक व्यक्ति के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। वहीं एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कई लोगों को छत और पाइप के रास्ते सुरक्षित नीचे उतरते देखा।
दमकल की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
आग लगने की सूचना के बाद दमकल की टीमें लगातार मौके पर काम करती रहीं। काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया, हालांकि कुछ समय तक घटनास्थल के अलग-अलग हिस्सों से धुआं उठता रहा और कहीं-कहीं आग की लपटें भी दिखाई देती रहीं।
दमकलकर्मियों ने दुकानों के अंदर जाकर भी जांच की, ताकि किसी हिस्से में आग सुलगती हुई न रह जाए और दोबारा आग भड़कने की स्थिति न बने।
पांच दुकानों तक पहुंची आग
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग की शुरुआत बालाजी छोले-भटूरे की दुकान से हुई। इसके बाद आग आसपास की कुर्ता-पजामा शॉप, मोबाइल शॉप, चार मंजिला बर्तन की दुकान और रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान तक पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें करीब 25 फीट तक ऊपर उठ रही थीं। दुकान में लगे पर्दों के कारण भी आग तेजी से फैलने की बात सामने आई है।
व्यापारियों ने अग्निशमन व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद न्यू मार्केट के व्यापारियों ने नगर निगम की अग्निशमन व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। व्यापारियों का कहना है कि न्यू मार्केट भोपाल का प्रमुख बाजार है, जहां कपड़ों सहित कई तरह का सामान बड़ी मात्रा में मौजूद रहता है। इसके बावजूद बाजार में फायर ब्रिगेड की गाड़ी स्थायी तौर पर तैनात नहीं है।
व्यापारियों के मुताबिक न्यू मार्केट की कई गलियां संकरी हैं। ऐसे में आग लगने पर दमकल की बड़ी गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कत होती है। व्यापारियों ने दावा किया कि यदि दमकल की गाड़ियां समय पर एक साथ पहुंच जातीं तो आग को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सकता था और नुकसान भी कम होता।
न्यू मार्केट में स्थायी फायर ब्रिगेड की मांग
व्यापारियों ने बाजार में स्थायी अग्निशमन व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि न्यू मार्केट में बड़ी संख्या में दुकानें हैं और कई दुकानों में कपड़े सहित अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी रहती है। ऐसी स्थिति में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की सुविधा बाजार के भीतर या उसके आसपास तत्काल उपलब्ध रहनी चाहिए।
शॉर्ट सर्किट बताया कारण, सिलेंडर ब्लास्ट की भी आशंका
बालाजी छोले-भटूरे की दुकान के संचालक ने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई है। वहीं प्रारंभिक जानकारी में दुकान में रखे दो गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट होने के बाद आग के और तेज होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि आग की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय दुकान में भटूरे बनाए जा रहे थे। आग लगने के बाद कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही समय में आग तेजी से फैल गई और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।
दिवाली के स्टॉक के जलने से बढ़ा नुकसान
दुकानदारों ने आग में करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। उनके अनुसार दुकानों में दिवाली के लिए बड़ी मात्रा में सामान का स्टॉक रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर जल गया। चार मंजिला बर्तन की दुकान तक आग पहुंचने से नुकसान का दायरा और बढ़ गया।
व्यापारियों का कहना है कि आग लगने के करीब 20 मिनट बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। उनका दावा है कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाती तो आग को इतना फैलने से रोका जा सकता था। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और दुकानों की जांच के बाद ही सामने आएगा।
बड़ी क्रेन को अंदर ले जाने में भी आई दिक्कत
आग बुझाने के दौरान नगर निगम की बड़ी गाड़ी और क्रेन को न्यू मार्केट के अंदर ले जाने में भी परेशानी हुई। बाजार की संकरी जगह और वायरिंग के कारण भारी मशीनरी को घटनास्थल तक पहुंचाने में दमकल और नगर निगम की टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस-प्रशासन और नगर निगम की टीमें मौके पर रहीं
घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। जोन-1 के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस बल और नगर निगम के अतिक्रमण विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। अतिक्रमण जोन प्रभारी ने व्यापारियों से रास्ता खुला रखने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की।
फिलहाल दमकल की टीमों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। टीमों ने घटनास्थल के अलग-अलग हिस्सों की जांच कर यह सुनिश्चित किया कि कहीं आग दोबारा न भड़के। आग से हुए वास्तविक नुकसान और इसकी सही वजह का पता प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।








