सागर में कांग्रेस का पैदल मार्च, चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन
सागर। जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को भगवानगंज स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से सदर मुहाल स्थित शास्त्री चौक तक पैदल मार्च निकाला। काले कपड़े पहनकर पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को रस्सी से बांधने का प्रतीकात्मक प्रदर्शन भी किया। शास्त्री चौक पर प्रदर्शन के समापन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त के छाया चित्र वाले पोस्टर जलाए गए। मौके पर पुलिस बल, पुलिस वाहन और वाटर कैनन तैनात रहे।
सभा को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पर अब तक 45 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। कांग्रेस की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, वीडियोग्राफी और निष्पक्ष मतगणना की मांग उठाई।
पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमित रामजी दुबे ने कहा कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने सागर में अवैध शराब, जुआ और सट्टे पर प्रभावी कार्रवाई की मांग भी उठाई।
कार्यक्रम का संचालन सिंटू कटारे ने किया, जबकि आभार डॉ. किरण लता सोनी ने माना। प्रदर्शन में कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।








