मैरिज गार्डन के पास रात में मचा हड़कंप, लकड़ी और फर्नीचर जलकर खाक; शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 9:30 बजे मैरिज गार्डन के पास स्थित एक लकड़ी टाल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने टाल में रखी लकड़ी और फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की स्थिति गंभीर होने के कारण मकरोनिया के साथ सेना की दमकल को भी बुलाया गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रयास के बाद 7 दमकल वाहनों और 5 पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
लकड़ी और फर्नीचर जलकर खाक
आग से टाल में रखा लकड़ी का सामान और फर्नीचर जल गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार जिस लकड़ी टाल में आग लगी, वह रवि कोरी की बताई जा रही है।
रिहायशी क्षेत्र में टालों को लेकर फिर उठे सवाल
घटना के बाद रिहायशी इलाके में संचालित लकड़ी टाल और फर्नीचर कारखानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस स्थान पर आग लगी, उसके आसपास कई लकड़ी टाल संचालित हैं। इसके अलावा क्षेत्र में दो मैरिज गार्डन भी मौजूद हैं।
स्थानीय स्तर पर यह भी बताया जा रहा है कि पिछले साल इसी क्षेत्र में एक लकड़ी टाल में आग लग चुकी है। ऐसे में मंगलवार रात हुई घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता फिर सामने आई है।
सिद्गुवां में फर्नीचर क्लस्टर, शिफ्टिंग अभी लंबित
लकड़ी टाल और फर्नीचर से जुड़े कारोबार को व्यवस्थित करने के लिए सिद्गुवां में फर्नीचर क्लस्टर तैयार किया जा रहा है। हालांकि रिहायशी क्षेत्रों में संचालित लकड़ी टालों को वहां शिफ्ट करने का मामला अभी लंबित है।
मंगलवार रात हुई आग की घटना के बाद एक बार फिर यह सवाल सामने आया है कि रिहायशी इलाके में संचालित लकड़ी टालों और फर्नीचर कारखानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार विभागों की ओर से क्या कदम उठाए जाएंगे।








