मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

धर्मश्री में शराब दुकान हटाने की मांग, चौराहे पर वार्डवासियों का धरना

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
धर्मश्री में शराब दुकान हटाने की मांग, चौराहे पर वार्डवासियों का धरना

धार्मिक और शैक्षणिक संस्थानों के पास शराब दुकान संचालित होने पर जताई नाराजगी, 15 दिन में कार्रवाई के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

सागर। धर्मश्री अंबेडकर वार्ड में धार्मिक और शैक्षणिक संस्थानों के नजदीक संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों ने धर्मश्री चौराहे पर प्रदर्शन किया। आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर घुरेटा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वार्डवासी धरने पर बैठे और प्रशासन से शराब दुकान हटाने की मांग करते हुए नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर, सरस्वती शिक्षा मंदिर स्कूल और शिव मंदिर के आसपास शराब दुकान होने से क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि दुकान के आसपास शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं, छात्राओं और बच्चों के लिए असहज स्थिति बनती है। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र के सार्वजनिक माहौल के साथ कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

मामले को लेकर वार्डवासियों ने कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के नाम सामूहिक आवेदन सौंपा। इसमें शराब दुकान की वैधानिकता की जांच कराने और दुकान को तत्काल हटाने या किसी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की गई। आवेदन में महिलाओं की सुरक्षा, बच्चों की पढ़ाई, घरेलू विवाद, आर्थिक परेशानी और नशे के बढ़ते प्रभाव जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शराब दुकान हटाने की मांग पहले भी प्रशासन के सामने रखी जा चुकी है और ज्ञापन सौंपे गए हैं। उनका कहना है कि अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों को एकजुट करने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया गया है।

प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद आबकारी विभाग की अधिकारी पूजा वर्मा, तहसीलदार और मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने धरने पर बैठे लोगों से चर्चा की और उनकी शिकायतों को सुना।

बातचीत के दौरान थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने प्रदर्शनकारियों को 15 दिन के भीतर उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद वार्डवासियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →