भाजयुमो जिलाध्यक्ष राठौर के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ निकली रैली
सागर। भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जसवंत सिंह राठौर के प्रथम नगर आगमन पर सोमवार को राहतगढ़ से सागर तक भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह स्वागत मंचों से पुष्पवर्षा हुई और महिलाओं व युवाओं ने घरों की छतों तथा खिड़कियों से फूल बरसाकर अभिनंदन किया। सैकड़ों वाहनों के काफिले, ढोल-नगाड़ों और पार्टी के जयघोष के बीच निकली रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
जिले की सीमा पर युवा नेता आकाश सिंह राजपूत सहित कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। राहतगढ़, सीहोरा और भापेल होते हुए रैली दोपहर करीब 3:30 बजे मोतीनगर चौराहे पहुंची। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, इंजी. प्रदीप लारिया, विधायक वीरेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने जसवंत राठौर का अभिनंदन किया।
इसके बाद सुसज्जित रथनुमा वाहन पर सवार होकर रैली बड़ा बाजार, कोतवाली और तीनबत्ती होते हुए आगे बढ़ी। तीनबत्ती पर डॉ. सर हरिसिंह गौर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। भगवानगंज चौराहे पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर नमन किया गया। इसके बाद रैली गुरुद्वारा होते हुए पूर्व विधायक पारुल साहू के निवास पहुंची, जहां पारुल साहू और युवा नेता गोल्डी केशरवानी ने स्वागत किया।
तीनबत्ती पर रौनक जैन ने साथियों के साथ किया भव्य स्वागत
तीनबत्ती पर रैली पहुंचने पर रौनक एजेंसी के मालिक रौनक जैन ने अपने अनेक साथियों के साथ भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जसवंत सिंह राठौर का भव्य स्वागत किया। इस दौरान आतिशबाजी के साथ पुष्पहारों और अभिनंदन के साथ उनका स्वागत किया गया। शहर में रैली के विभिन्न पड़ावों पर कार्यकर्ताओं और नागरिकों का उत्साह देखने को मिला।
समाचार लिखे जाने तक स्वागत रैली कबूला पुल पहुंच चुकी थी, जहां नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत किया। यहां से रैली शिवाजी चौक और शास्त्री चौक होते हुए राठौर बंगला पहुंचने वाली थी।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन के अनुसार, रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी और नवनियुक्त युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जसवंत राठौर ने आयोजन में सहयोग के लिए वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।








