कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने त्यौहारों पर खाद्य सुरक्षा के लिए अनुविभाग स्तर पर विशेष दल गठित करने का आदेश जारी किया
सागर। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट दिलीप कुमार यादव ने आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सभी अनुविभागों में विशेष जाँच दल गठित करने का आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक अनुविभाग में अनुविभागीय दण्डाधिकारी के नेतृत्व में 5 सदस्यीय दल कार्य करेगा, जिसमें तहसीलदार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, नापतौल निरीक्षक एवं थाना प्रभारी शामिल रहेंगे।
कलेक्टर श्री यादव ने निर्देशित किया है कि गठित दल द्वारा जिले में दूध, मावा, पनीर, घी, मिठाई एवं अन्य दुग्ध उत्पादों के निर्माण, भंडारण, वितरण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों का सतत निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण किया जाए। खाद्य उत्पादन केन्द्रों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाए।
साथ ही रैपिड किट एवं आयोडीन टेस्ट से प्राथमिक जाँच कर अमानक खाद्य पदार्थों को जप्त किया जाए एवं अन्य जिलों से आ रहे मावा, प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडर के उपयोग एवं नापतौल में अनियमितता पर भी विधिवत कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।








