मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

अतिवृष्टि से फसलों को नुकसान, पूर्व मंत्री ने कलेक्टर से मांगा सर्वे और मुआवजा

By: गजेंद्र ठाकुर
Sponsor Ad
अतिवृष्टि से फसलों को नुकसान, पूर्व मंत्री ने कलेक्टर से मांगा सर्वे और मुआवजा

देवरी और केसली के प्रभावित गांवों में तत्काल फसल क्षति का आकलन कराने की मांग, किसानों को नियमानुसार राहत देने की अपील

सागर। देवरी विधानसभा क्षेत्र में लगातार बारिश और अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने किसानों की क्षति का सर्वे कराने की मांग उठाई है। उन्होंने सागर कलेक्टर को पत्र भेजकर देवरी और केसली विकासखंड के प्रभावित गांवों में फसल नुकसान का तत्काल आकलन कराने तथा पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा और राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।

हर्ष यादव ने कलेक्टर को दिए पत्र में बताया कि देवरी विधानसभा क्षेत्र के देवरी और केसली विकासखंड के कई गांवों में पिछले दिनों हुई लगातार बारिश और अतिवृष्टि के चलते किसानों की खड़ी फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। उनके अनुसार, मक्का की फसल को कई स्थानों पर 100 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। इसके अलावा टमाटर, शिमला मिर्च सहित अन्य उद्यानिकी फसलें भी अत्यधिक बारिश की वजह से बर्बाद हो गई हैं।

पत्र में उन्होंने कहा कि किसानों ने फसल तैयार करने में काफी मेहनत के साथ बड़ी राशि खर्च की थी। ऐसे में प्राकृतिक आपदा के कारण फसल नष्ट होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। फसल खराब होने का असर उनकी सालभर की आय पर पड़ने के साथ ही आने वाले कृषि कार्यों के लिए आवश्यक आर्थिक संसाधनों पर भी पड़ रहा है।

हर्ष यादव ने मांग की है कि देवरी और केसली विकासखंड के प्रभावित गांवों में राजस्व तथा कृषि विभाग की संयुक्त टीम भेजकर फसल क्षति का सर्वे कराया जाए। उन्होंने सर्वे प्रक्रिया को पारदर्शी और तय समयसीमा में पूरा करने की बात कही है, ताकि प्रत्येक प्रभावित किसान की वास्तविक क्षति का आकलन हो सके और नियमों के तहत मुआवजा व राहत राशि जल्द उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की भी मांग की है, जिससे कोई भी प्रभावित किसान सर्वे या राहत की प्रक्रिया से बाहर न रह जाए। साथ ही फसल नुकसान का ग्रामवार रिकॉर्ड तैयार करने की मांग भी पत्र के माध्यम से की गई है।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →