महापौर संगीता तिवारी ने स्पीड बोट से किया संजय ड्राइव का निरीक्षण, पर्यटन सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सागर। नगर निगम की व्यवस्थाओं एवं जल पर्यटन सुविधाओं का आकलन करने के उद्देश्य से महापौर संगीता सुशील तिवारी ने बुधवार को संजय ड्राइव क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एमआईसी सदस्यों एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ स्पीड बोट से जलाशय क्षेत्र का भ्रमण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।
— Gajendra Thakur (@kka_news) July 22, 2026
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और जल पर्यटन को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संजय ड्राइव शहर का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यहां बेहतर सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।
महापौर ने अधिकारियों को पर्यटकों की सुविधाओं में सुधार, सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों के बेहतर विकास से शहर की पहचान मजबूत होगी और स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य, नगर निगम के अधिकारी तथा संबंधित विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।


