MSME मीट में उद्यमियों को शासकीय नियमों, मानकों एवं प्रक्रियाओं की दी गई जानकारी
सागर। कलेक्टर प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सागर तथा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (बीआईएस), भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में MSME मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के 70 से अधिक उद्यमियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्यमियों को केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं, शासकीय नियम-प्रक्रियाओं तथा उद्योगों से संबंधित प्रावधानों की जानकारी प्रदान करना था। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
बीआईएस भोपाल के डायरेक्टर श्री मोहम्मद तौफीक ने विभिन्न औद्योगिक मानकों, उनकी उपयोगिता, प्रमाणन प्रक्रिया एवं आवेदन की जानकारी देते हुए उद्यमियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सागर के क्षेत्रीय अधिकारी श्री अरविंद सावले ने बताया कि रेड, ऑरेंज एवं ग्रीन श्रेणी के उद्योगों के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से कंसेंट टू ऑपरेट प्राप्त करना अनिवार्य है। उन्होंने पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया की भी जानकारी दी।
इंस्पेक्टर एवं फेसिलिटेटर, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग सुश्री मेघा चंदेल ने औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों के पालन तथा नवीन श्रम संहिताओं (लेबर कोड) के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया।
कार्यक्रम में उपसंचालक उद्यानिकी श्री पी.एस. बड़ोले, प्रबंधक एमपीआईडीसी क्षेत्रीय कार्यालय सागर प्रमोद उपाध्याय तथा महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र सागर मंदाकिनी पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्योग संगठनों की ओर से लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष श्री अरविंद भाई जी, मध्यप्रदेश फिक्की के वाइस प्रेसिडेंट देवेंद्र सिंह चावला, गुलाब समैया, अनिल जायसवाल, टिम्बर एसोसिएशन सागर के अध्यक्ष विजय भूषण वर्मा, सराफा एसोसिएशन सागर के गोविंद जड़िया एवं राजीव सोनी तथा डिक्सी के समन्वयक हेमंत सहित बड़ी संख्या में उद्यमियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र सागर श्रीमती मंदाकिनी पाण्डेय ने उपस्थित अधिकारियों एवं उद्यमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


