कटनी रेलवे स्टेशन पर डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, सागर के दो युवक तीन किलो सोने के साथ हिरासत में
कटनी/सागर। मध्यप्रदेश में सोने की कथित तस्करी के खिलाफ डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटनी रेलवे स्टेशन से सागर के दो युवकों को करीब तीन किलो सोने के साथ हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक कोलकाता से ट्रेन के माध्यम से सोना लेकर सागर आ रहे थे, दोनों युवक सागर शहर के निवासी बताये गए हैं जिनका नाम अभिषेक और आयूष बताया गया हैं।
डीआरआई को पहले से इसकी गोपनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
सूत्रों के अनुसार डीआरआई अधिकारियों ने कटनी रेलवे स्टेशन पर पहले से निगरानी कर रखी थी। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही संदिग्ध दोनों युवकों को रोककर पूछताछ की गई और तलाशी लेने पर उनके पास से लगभग तीन किलो सोना बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर आगे की जांच के लिए जबलपुर ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि डीआरआई ने आरोपियों से बरामद सोने के संबंध में खरीद-बिक्री के बिल, टैक्स संबंधी दस्तावेज और अन्य वैध अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन संतोषजनक दस्तावेज नहीं मिलने पर सोना जब्त कर लिया गया। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोना किसके लिए लाया जा रहा था, इसकी खरीद किस माध्यम से हुई और इसके पीछे कोई संगठित तस्करी गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता भी उजागर होने की संभावना है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक डीआरआई की ओर से इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।


