श्मशान घाट से लापता हुईं अस्थियां, परिजनों ने जताई चोरी की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

0

श्मशान घाट से लापता हुईं अस्थियां, परिजनों ने जताई चोरी की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

सागर। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पथरिया जाट में श्मशान घाट से अस्थियां गायब होने का मामला सामने आया है। अंतिम संस्कार के अगले दिन जब परिवार के सदस्य परंपरा के अनुसार अस्थि-संग्रह के लिए मुक्तिधाम पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर वे स्तब्ध रह गए। चिता स्थल पर राख बिखरी हुई थी और कुछ अस्थियां भी नहीं मिलीं। इसके बाद परिजनों ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई और जांच की मांग की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पथरिया जाट निवासी 82 वर्षीय जगन सूर्यवंशी का रविवार रात निधन हो गया था। सोमवार को परिजनों ने गांव के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया। परिवार का कहना है कि सोमवार शाम तक चिता स्थल पर अस्थियां सुरक्षित थीं। मंगलवार सुबह जब वे धार्मिक परंपरा के तहत अस्थियां एकत्र करने पहुंचे, तो वहां अस्थियां और राख व्यवस्थित नहीं मिलीं। आसपास राख बिखरी हुई थी, जबकि कुछ अस्थियां गायब थीं। यह देखकर परिजन हैरान रह गए।

मृतक के पुत्र मोहन सूर्यवंशी ने बताया कि सोमवार शाम तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन अगले दिन सुबह पहुंचने पर अस्थियां वहां नहीं मिलीं। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने जानबूझकर श्मशान घाट से अस्थियां हटा दीं या उनकी चोरी कर ली।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में श्मशान घाट पहुंच गए। मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। इसके बाद ग्राम पंचायत के सरपंच प्रमोद यादव सहित परिजन सिविल लाइन थाने पहुंचे और लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सरपंच प्रमोद यादव ने कहा कि गांव में इस प्रकार की घटना पहली बार सामने आई है। उन्होंने इसे बेहद गंभीर बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अस्थियां किन परिस्थितियों में गायब हुईं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इसके पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ है या फिर कोई अन्य वजह रही। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here