एक और मौत, फिर कटघरे में लाखा बंजारा कॉरिडोर की सुरक्षा व्यवस्था, ठेकेदार के आरोप बजट बढ़ा

 घर से लापता हुई 19 वर्षीय युवती की लाखा बंजारा तालाब में मिली लाश, अधूरी सुरक्षा जालियों पर फिर उठे सवाल

सागर। शहर के लाखा बंजारा तालाब स्थित एलिवेटेड कॉरिडोर से गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। अहमद नगर निवासी 19 वर्षीय नैंसी चौधरी ने कथित तौर पर तालाब में छलांग लगा दी। बोर्ड क्लब के कर्मचारियों ने तत्काल उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतका के पिता हिरालाल चौधरी, जो एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं, ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे घर से सूचना मिली थी कि नैंसी अचानक लापता हो गई है। परिवार उसकी तलाश कर ही रहा था कि तालाब में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। जिला अस्पताल पहुंचने पर शव की पहचान नैंसी के रूप में हुई।

परिजनों के अनुसार, नैंसी ने हाल ही में 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा दी थी और उसे किसी प्रकार की पारिवारिक या अन्य परेशानी नहीं थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद एक बार फिर लाखा बंजारा तालाब के एलिवेटेड कॉरिडोर की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। पिछले एक वर्ष से कॉरिडोर पर सुरक्षा जालियां लगाने का कार्य अधूरा पड़ा है। ठेकेदार जैन का कहना है कि निर्माण की लागत तय बजट से अधिक हो गई है। मजबूत लोहे की जालियों की वजह से खर्च बढ़ा है और गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त राशि की मंजूरी के लिए नगर निगम में पिछले छह माह से नोटशीट चल रही है, लेकिन अब तक बजट स्वीकृत नहीं हुआ, जिससे काम रुका हुआ है।

वहीं इस संबंध में नगर निगम के अधिकारी संजय तिवारी से चर्चा की गई तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने के बजाय गोलमोल बातें कीं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर छह महीने से फाइलें ही चलती रहेंगी या लोगों की जान बचाने के लिए भी कोई ठोस फैसला लिया जाएगा?

लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद सुरक्षा जालियों का काम अधूरा रहना नगर निगम और संबंधित एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम पूरे कर दिए जाते, तो संभव है कि ऐसी घटनाओं पर कुछ हद तक रोक लगाई जा सकती। अब जरूरत है कि जिम्मेदार विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने के बजाय तत्काल अधूरा कार्य पूरा कर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here