गढ़ाकोटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब, सट्टा और 5 साल से फरार हत्या का आरोपी गिरफ्तार

गढ़ाकोटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब, सट्टा और 5 साल से फरार हत्या का आरोपी गिरफ्तार

सागर। जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़ाकोटा पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों, सट्टा संचालक और हत्या के मामले में पांच वर्षों से फरार आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त करते हुए चार आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं, वहीं सट्टा लिखते एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही वर्ष 2021 के हत्या के मामले में फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में थाना प्रभारी गौरव सिंह तिवारी के नेतृत्व में 22 और 23 जुलाई को चलाए गए अभियान के दौरान ग्राम चनौआ निवासी सुंदर कुर्मी के कब्जे से 112 पाव (करीब 20.16 लीटर) अवैध शराब, चनौआ खुर्द निवासी सहदेव नामदेव तथा मोतीनगर निवासी कमलेश पटेल के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की शराब और बीयर जब्त की गई। वहीं 23 जुलाई को किला वार्ड गढ़ाकोटा निवासी मुलू उर्फ धरमदास पटेल के कब्जे से 21.18 लीटर अवैध शराब और बीयर बरामद की गई। जब्त शराब की कुल अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये है।

अभियान के दौरान गांधी वार्ड निवासी हरिशंकर कोरी को सार्वजनिक स्थान पर सट्टा लिखते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से सट्टा पर्ची और 340 रुपये नकद जब्त कर सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

इसी अभियान में थाना गढ़ाकोटा पुलिस ने हत्या के मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी गनेश यादव निवासी मझगुवा को गिरफ्तार किया। आरोपी वर्ष 2021 के हत्या के प्रकरण में फरार था तथा उसके विरुद्ध न्यायालय से स्थायी वारंट भी जारी था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और लगातार तलाश के बाद आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here