सागर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, घर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। देर रात सड़क पर घायल अवस्था में मिले युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी-रहली मार्ग पर ग्राम परासिया के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने युवक को सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा देखा, जिसके पास उसकी क्षतिग्रस्त बाइक भी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल रहली अस्पताल पहुंचाया।
रहली अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर डॉ. प्रशांत हजारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक को देर रात अस्पताल लाया गया था। जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान सुनील पिता चंदू गौंड (30) निवासी बीना बारह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह बाइक क्रमांक एमपी-15-जे-7730 से घर लौट रहा था, तभी परासिया गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
शनिवार को पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। रहली थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।


