स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, दिसंबर तक पूरा हो मकरोनिया सिविल अस्पताल: विधायक प्रदीप लारिया
सागर, 11 जुलाई। नरयावली विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से शनिवार को सिविल अस्पताल मकरोनिया में स्वास्थ्य विभाग की विधानसभा स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में चल रहे स्वास्थ्य संबंधी विकास कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटैरया सहित विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। विधायक प्रदीप लारिया ने सिविल अस्पताल मकरोनिया के साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पामाखेड़ी, परसोरिया, नरयावली और कर्रापुर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। विशेष रूप से निर्माणाधीन सिविल अस्पताल मकरोनिया का कार्य दिसंबर माह तक पूर्ण कर अस्पताल को पूरी तरह तैयार करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता, दवाओं की व्यवस्था, आवश्यक चिकित्सा उपकरण तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान में मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और नरयावली विधानसभा क्षेत्र में भी स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार के लिए कई परियोजनाएं संचालित हैं। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए सभी कार्य समय पर पूरे कराने के निर्देश दिए ताकि आमजन को जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
बैठक के बाद विधायक प्रदीप लारिया ने सीएमएचओ डॉ. देवेश पटैरया और अन्य अधिकारियों के साथ सिविल अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया तथा वृक्षारोपण भी किया।


