हरित सागर अभियान को नई ऊर्जा, आईएमए ने अनुश्री जैन के नेतृत्व में किया वृक्षारोपण
सागर। हरित सागर अभियान के तहत शुक्रवार को मंगलगिरि स्थित अंबेडकर पार्क में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सागर द्वारा व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश भाजपा विधि प्रकोष्ठ की प्रदेश संयोजक अनुश्री शैलेन्द्र जैन ने की। अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
@JansamparkMP pic.twitter.com/7LOpxcZ5G6
— Gajendra Thakur (@kka_news) July 11, 2026
अनुश्री शैलेन्द्र जैन ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी सामाजिक संगठनों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए प्रत्येक नागरिक से अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का भी प्रतीक है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पौधों का रोपण किया गया और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। आईएमए सागर के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियां मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
डॉ. साद ने सागर शहर के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि हर नागरिक यदि पौधारोपण के साथ उसकी देखभाल भी सुनिश्चित करे तो शहर को अधिक हरित, स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। यह अभियान वृक्षारोपण के साथ-साथ प्रकृति के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देने में भी सफल रहा।


