सागर में बारात से लौट रहे तीन युवकों पर कटर से हमला, लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने किया जानलेवा वार

0

सागर में बारात से लौट रहे तीन युवकों पर कटर से हमला, लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने किया जानलेवा वार
सागर। सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में रविशंकर स्कूल के पास बदमाशों ने तीन युवकों पर कटर से हमला कर दिया। घटना में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कनेरा गौंड निवासी नीरज, अजय और पप्पू कुशवाहा बुधवार रात एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए सागर आए थे। समारोह से लौटते समय वे बाइक से अपने गांव जा रहे थे। देर रात मोतीनगर क्षेत्र स्थित रविशंकर स्कूल के पास एक दुकान पर रुके, तभी कुछ बदमाश वहां पहुंच गए।
आरोप है कि बदमाशों ने युवकों से बाइक की चाबी और रुपये मांगे। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने कटर निकालकर नीरज, अजय और पप्पू पर हमला कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल घायलों को बीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
मोतीनगर थाना पुलिस ने घायलों की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here