सहकारिता सप्ताह: सांची डेयरी की बाइक रैली से दिया “सहकार से समृद्धि” का संदेश
सागर। सहकारिता सप्ताह के तहत गुरुवार को बुंदेलखंड सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित (सांची डेयरी) ने जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शहर में भव्य बाइक रैली निकाली। रैली का उद्देश्य सहकारिता के सिद्धांतों, दुग्ध सहकारिता, किसानों के सशक्तिकरण और गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादों के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
रैली को संघ के वरिष्ठ अधिकारियों और अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने “सहकार से समृद्धि” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बाइक रैली में सांची डेयरी के अधिकारी-कर्मचारी, दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां सहकारिता आंदोलन, किसानों की आर्थिक उन्नति, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादों के उपयोग और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि सहकारिता किसानों की आर्थिक और सामाजिक प्रगति का सशक्त माध्यम है। सांची डेयरी दुग्ध उत्पादकों के हितों की रक्षा करते हुए उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण दूध एवं दुग्ध उत्पाद पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संघ के अधिकारियों, कर्मचारियों, दुग्ध उत्पादक समितियों और सभी प्रतिभागियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


