MP News: पुलिस विभाग में eHRMS ऑनलाइन अवकाश प्रणाली लागू

0

मध्यप्रदेश पुलिस में eHRMS ऑनलाइन अवकाश प्रणाली लागू, अब छुट्टी के लिए नहीं लगाने होंगे दफ्तरों के चक्कर

भोपाल, 2 जुलाई। मध्यप्रदेश पुलिस ने अपने सेवा प्रबंधन को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 1 जुलाई 2026 से प्रदेश की सभी पुलिस इकाइयों में eHRMS (Electronic Human Resource Management System) का ई-लीव मॉड्यूल लागू कर दिया है। अब प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ऑनलाइन अवकाश आवेदन, स्वीकृति और उसकी स्थिति की जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्राप्त कर सकेंगे।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर शुरू की गई इस व्यवस्था से अवकाश स्वीकृति प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन, पारदर्शी और समयबद्ध हो जाएगी।

जानकारी के अनुसार, जुलाई 2025 से पुलिस कर्मियों की सेवा पुस्तिकाओं के डिजिटलीकरण का कार्य शुरू किया गया था। के माध्यम से एक लाख से अधिक सेवा पुस्तिकाओं की स्कैनिंग की जा चुकी है और करीब 1.01 लाख पुलिस अधिकारी-कर्मचारी eHRMS पर ऑनबोर्ड हो चुके हैं।

इसके पहले 23 मार्च 2026 से eHRMS का ऑर्डर बुक (O.B.) मॉड्यूल भी लागू किया गया था, जिसके जरिए सेवा संबंधी महत्वपूर्ण आदेश डिजिटल रूप से सुरक्षित किए जा रहे हैं।

ई-लीव मॉड्यूल को पहले कुछ चयनित इकाइयों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया गया था। प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधार के बाद अब इसे प्रदेश की लगभग 120 पुलिस इकाइयों में लागू कर दिया गया है।

अब पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ehrms.mp.gov.in पोर्टल तथा eHRMS मोबाइल एप के माध्यम से अवकाश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन संबंधित लीव क्लर्क के माध्यम से सक्षम अधिकारी तक पहुंचेगा और स्वीकृति भी ऑनलाइन दी जाएगी। कर्मचारी अपनी लॉगिन आईडी से आवेदन की अद्यतन स्थिति भी देख सकेंगे।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, वर्तमान में मध्यप्रदेश शासन के चुनिंदा विभाग ही eHRMS के ई-लीव मॉड्यूल का उपयोग कर रहे हैं, जिनमें सबसे अधिक 1,01,928 उपयोगकर्ताओं के साथ मध्यप्रदेश पुलिस अग्रणी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here