फरार नगर पालिका अध्यक्ष को पद से हटाने की मांग, भाजपा नेता ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन
देवरी (सागर)। देवरी नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ दर्ज आपराधिक प्रकरण को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेता एवं विधायक प्रतिनिधि संदीप जैन (सिनेमा वाले) ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपकर नगर पालिका अध्यक्ष को तत्काल पद से पृथक करने तथा उनके वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार किसी सक्षम अधिकारी को सौंपने की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि नगर पालिका अध्यक्ष अलकेश जैन के विरुद्ध पुलिस थाना देवरी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत गंभीर आपराधिक मामला दर्ज है। आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से अध्यक्ष फरार चल रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
भाजपा नेता का कहना है कि अध्यक्ष की अनुपस्थिति के कारण नगर पालिका का वित्तीय संचालन और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे जनहित के कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि अध्यक्ष के अधिकार यथावत बने रहे तो शासकीय धन और अभिलेखों के दुरुपयोग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रकरण के अंतिम निराकरण तक नगर पालिका अध्यक्ष को उनके पद के कर्तव्यों से अलग रखते हुए समस्त वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार किसी सक्षम अधिकारी को सौंपे जाएं, ताकि नगर पालिका का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।
इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन, संभागायुक्त, कलेक्टर तथा संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन को भी भेजी गई है।
चैनल एडिटर गजेंद्र ठाकुर- 9302303212


