सिविल डिफेंस प्रशिक्षण का समापन, स्वयंसेवकों को दिए प्रमाण पत्र
सागर। होमगार्ड मुख्यालय एवं कलेक्टर के निर्देशानुसार शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के सभाकक्ष में 22 से 28 जून तक आयोजित सात दिवसीय सिविल डिफेंस क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण का शनिवार को समापन हुआ। प्रशिक्षण में सिविल डिफेंस वालंटियर्स को आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों सहित विभिन्न विषयों का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सरोज गुप्ता, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड भूपेंद्र सिंह ठाकुर एवं सिविल डिफेंस डिवीजन वार्डन राजेश मिश्रा उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों ने सात दिनों में प्राप्त अनुभव साझा किए।
मुख्य अतिथि श्रीमती गुप्ता ने युवाओं की सिविल डिफेंस संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उनके अनुशासन, समर्पण और समाज सेवा के भाव की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रशिक्षणार्थियों की लिखित परीक्षा आयोजित की गई तथा सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
अंत में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट भूपेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण में पीसी अनिमेष राजपूत, पीसी समीक्षा श्रीधर, एचआई ममता ठाकुर, सैनिक जितेंद्र एवं एसडीईआरएफ के जवान भी उपस्थित रहे।



