सागर के बीना जंक्शन पर मानवता की मिसाल, रेलवे डॉक्टर और आरपीएफ ने कराई सुरक्षित डिलीवरी

0

सागर के बीना जंक्शन पर मानवता की मिसाल, रेलवे डॉक्टर और आरपीएफ ने कराई सुरक्षित डिलीवरी

सागर। बीना रेलवे जंक्शन पर शुक्रवार को एक गर्भवती महिला ने चलती ट्रेन में प्रसव पीड़ा होने के बाद प्लेटफॉर्म पर ही एक बच्चे को जन्म दिया। दादर से गोरखपुर जा रही स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रही महिला और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। रेलवे कर्मचारियों और डॉक्टर की सूझबूझ से यह डिलीवरी सुरक्षित तरीके से हो पाई। जानकारी के अनुसार ट्रेन दादर-गोरखपुर स्पेशल एक्सप्रेस जैसे ही बीना स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर आकर रुकी, यात्रियों ने वहां तैनात आरपीएफ आरक्षक भानु प्रताप को एक महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने की बात बताई। आरक्षक ने तुरंत इसकी खबर अपने बड़े अधिकारियों और रेलवे डॉक्टर को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ की महिला आरक्षक जयश्री ठाकुर और सहायक उप निरीक्षक हसन खान मौके पर पहुंचे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर की रहने वाली 33 साल की गर्भवती महिला किरण को सुरक्षित तरीके से ट्रेन से नीचे उतारा। इसी बीच रेलवे की महिला डॉक्टर राधिका भी वहां पहुंच गई। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुये प्लेटफॉर्म पर ही डिलीवरी कराने का फैसला लिया गया। महिला डॉक्टर और स्टाफ की मदद से महिला यात्री ने एक सुंदर और स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद जच्चा और बच्चा दोनों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल भेजा गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि मां और नवजात बच्चा दोनों पूरी तरह से ठीक और स्वस्थ हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here