योग दिवस की तैयारियों पर उठे सवाल, सागर में दिख रही उदासीनता!
सागर। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए प्रदेशभर में तैयारियां तेज हैं, वहीं सागर जिले में व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। योग से जुड़े सामाजिक संगठनों और योग गुरुओं का आरोप है कि जिला स्तर पर कार्यक्रम की तैयारी अपेक्षित स्तर पर दिखाई नहीं दे रही है।

सागर में डिजिटल वितरण होने वाले कार्ड के हाल
एक योग गुरु परिवार ने आरोप लगाया है कि योग दिवस के आयोजन को लेकर न तो व्यापक स्तर पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं और न ही सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। उनका कहना है कि अन्य जिलों में कलेक्टर एवं संबंधित विभागों द्वारा पूर्व तैयारियों के लिए बैठकें आयोजित की जाती हैं, जबकि सागर में ऐसा नजर नहीं आ रहा।
आलोचना का एक बड़ा कारण आमंत्रण व्यवस्था भी बनी हुई है। बताया जा रहा है कि डिजिटल माध्यम से भेजे जा रहे आमंत्रण कार्ड बेहद साधारण हैं और उनका प्रभाव भी नहीं दिख रहा। कई सामाजिक संगठनों तक आमंत्रण समय पर नहीं पहुंचने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
योग दिवस में अब केवल 2 दिन शेष हैं, ऐसे में जिला शिक्षा विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की तैयारियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सामाजिक संगठनों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो जिले में योग दिवस का आयोजन अपेक्षित गरिमा के अनुरूप नहीं हो सकेगा।



