सागर में मंदिर की भूमि पर फर्जी ठेकानामा बनाकर विवाद कराने का आरोप, एसपी से शिकायत
सागर। जिले में खुरई तहसील के ग्राम लमेठी स्थित प्राचीन श्री महादेव एवं हनुमान मंदिर की कृषि भूमि को लेकर नया विवाद सामने आया है। मंदिर की महत्तमकार नविता चौबे ने पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर को शिकायत सौंपकर अपने जीजा अनुराग बिदुआ पर फर्जी ठेकानामा तैयार कर भूमि के संबंध में विवाद उत्पन्न करने का आरोप लगाया है।
शिकायत में बताया गया है कि मंदिर से संबंधित भूमि वर्तमान में नविता चौबे, सिद्धि शर्मा और रिद्धि बिदुआ के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। आरोप है कि अनुराग बिदुआ ने 12 मई 2025 को कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर लगभग 12 एकड़ कृषि भूमि का पांच वर्षों के लिए ठेका कर दिया।
नविता चौबे का कहना है कि ठेकानामा तैयार करते समय भूमि स्वामियों की सहमति नहीं ली गई और न ही आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया का पालन किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर उन्हें लगातार धमकियां भी दी जा रही हैं, जिससे परिवार में विवाद की स्थिति बन गई है।
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, फर्जी दस्तावेजों की सत्यता की पड़ताल करने तथा दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।


