केसली में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य स्वागत, 190 करोड़ के 54 विकास कार्यों की दी सौगात
सागर, 14 जून। देवरी विधानसभा क्षेत्र के केसली में रविवार को आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन एवं विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाड़ली बहनों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर देवरी विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 190 करोड़ रुपये की लागत के 54 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई तथा अन्य आधारभूत संरचना से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलने के साथ आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीब वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर देवरी विधायक जानवी कुशवाह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र को मिली विकास परियोजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से देवरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में भाजपा सागर ग्रामीण जिलाध्यक्ष रानी पटेल सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के आगमन और विकास कार्यों की सौगात से पूरे क्षेत्र में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला।


