सागर संभाग में जल योजनाओं और आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाह अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

0

सागर संभाग में जल योजनाओं और आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाह अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

सागर। सागर संभाग के नगरीय क्षेत्रों में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए कमिश्नर अनिल सुचारी ने अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जलप्रदाय योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।

नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने छतरपुर जिले के लवकुशनगर और बक्सवाहा सहित अन्य क्षेत्रों में लंबित जलप्रदाय योजनाओं का कार्य शीघ्र पूरा कर आमजन को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की नगरीय निकायवार समीक्षा भी की गई। कमिश्नर ने कहा कि जिन हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्य अभी अधूरे हैं, उन्हें जल्द पूरा कराया जाए। उन्होंने दमोह, निवाड़ी और पन्ना जिलों में योजना की प्रगति पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों को स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए।

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि यह शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है और इसके तहत चल रहे निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने छतरपुर नगर पालिका और बिजावर क्षेत्र में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी जताई तथा कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन को योजना की नियमित मॉनिटरिंग करने और लापरवाही बरतने वाले नगरपालिका अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा में दमोह, पन्ना और टीकमगढ़ के कुछ नगरीय निकायों में योजना की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी व्यक्त की गई।

पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने सभी नगर पालिका अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जल आपूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में नागरिकों को निर्बाध, स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में शाहगढ़, बण्डा और बक्सवाहा की पेयजल व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

सागर संभाग के नगरीय क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि संभाग में 14 पार्कों का निर्माण कराया जा रहा है, जिनमें से 8 पार्कों का कार्य पूरा हो चुका है। जबकि खजुराहो, महाराजपुर और लवकुशनगर में शेष पार्कों का निर्माण तेजी से जारी है।

बैठक में जल संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े निर्माण कार्यों और विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में चल रहे सीवरेज प्रोजेक्ट्स की भी समीक्षा की गई। कमिश्नर ने छतरपुर, दमोह, सागर और कैंट क्षेत्र में सीवरेज निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास राकेश शुक्ला, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन, उप संचालक नगरीय प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here