25 मई से शुरू होगा हाथठेला व्यवसायियों का पंजीयन, हाकर्स जोन में मिलेगा व्यवस्थित स्थान
सागर। नगर निगम क्षेत्र में हाथठेला एवं छोटे व्यवसायियों को व्यवस्थित रूप से व्यापार करने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर में हाकर्स जोन विकसित किए जा रहे हैं। इस संबंध में निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने सहायक आयुक्त एवं बाजार प्रभारी आनंद मंगल गुरु को निर्देश दिए हैं कि 25 मई से हाथठेला व्यवसायियों के पंजीयन हेतु आवेदन जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 51 स्थानों को हाकर्स जोन के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां छोटे दुकानदारों एवं हाथठेला संचालकों को नियमानुसार व्यवसाय करने के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना, अव्यवस्थित अतिक्रमण को नियंत्रित करना तथा छोटे व्यवसायियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
सहायक आयुक्त आनंद मंगल गुरु ने बताया कि हाकर्स जोन में स्थान आवंटन के लिए सभी हाथठेला व्यवसायियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन 25 मई से नगर निगम की बाजार शाखा में जमा किए जाएंगे। आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड, स्ट्रीट वेंडर्स क्रमांक, वर्तमान व्यवसाय स्थल का पता, हाथठेला स्थान की फोटो तथा निर्धारित शुल्क जमा करना आवश्यक रहेगा।
नगर निगम द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण करने के बाद पात्र व्यवसायियों को नियमानुसार हाकर्स जोन में स्थान आवंटित किए जाएंगे। वहीं, जो व्यवसायी पंजीयन नहीं कराएंगे, उन्हें हाकर्स जोन में स्थान नहीं दिया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने सभी हाथठेला एवं छोटे व्यवसायियों से समय सीमा के भीतर आवेदन जमा कर पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है, ताकि उन्हें व्यवस्थित स्थान पर व्यवसाय करने की सुविधा मिल सके और शहर में स्वच्छता व यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।


