सागर : एमपी-यूपी बॉर्डर पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई स्लीपर बस, 10 से ज्यादा यात्री घायल, 2 गंभीर
सागर। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित पीरघाट पुल पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इंदौर से ललितपुर (उत्तर प्रदेश) जा रही अंबे ट्रेवल्स की स्लीपर बस सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार 10 से अधिक यात्री घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भानगढ़ थाने की डायल-112 टीम, जिसमें प्रधान आरक्षक खलक सिंह और पायलट राजधर प्रजापति शामिल थे, मौके पर पहुंची। इसके बाद खिमलासा डायल-112 टीम और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर बीना सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में ललितपुर निवासी गुड्डी (65) और हरिराम प्रजापति (50) की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं उमा तिवारी (50), निवासी उज्जैन का बीना सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। कुछ अन्य घायल निजी वाहनों से अन्य अस्पतालों के लिए रवाना हो गए।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए पीरघाट पुल पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे एमपी और यूपी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर जल्द ही सामान्य करा दिया।
घायल उमा तिवारी ने बताया कि वह बस में सो रही थीं। अचानक जोरदार झटका लगा और वह नीचे गिर गईं। उन्हें बाद में पता चला कि बस हादसे का शिकार हो गई है। वहीं हरिराम प्रजापति के भतीजे रामगोपाल ने बताया कि हादसे से पहले वह रात करीब 3 बजे तक चालक के साथ भजन सुन रहे थे। चालक के सोने के लिए कहने के कुछ देर बाद ही तेज धमाके के साथ बस ट्रक से टकरा गई।


