सागर में भाजपा नेता की गिरफ्तारी पर सियासत गरम, मंत्री प्रह्लाद पटेल के पोस्ट के बाद कांग्रेस का हमला, आज ज्ञापन!

0

भाजपा नेता सर्वजीत लोधी की गिरफ्तारी पर सियासत गरम, मंत्री प्रह्लाद पटेल के पोस्ट के बाद कांग्रेस का हमला

सागर। हत्या के प्रयास के एक पुराने मामले में भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत लोधी की गिरफ्तारी के बाद सागर की राजनीति गरमा गई है। एक ओर पुलिस का कहना है कि लोधी वर्ष 2024 से दर्ज मामले में फरार चल रहे थे, वहीं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री प्रह्लाद पटेल ने गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए पुलिस कार्रवाई की आलोचना की है। इसके बाद कांग्रेस ने भी भाजपा सरकार और संगठन को निशाने पर लिया है।

बांदरी थाना प्रभारी सुमेर सिंह के अनुसार, वर्ष 2024 में थाना क्षेत्र स्थित सौरभ ढाबा पर सर्वजीत लोधी ने अपने साथियों के साथ कथित रूप से फायरिंग और मारपीट की थी। इस मामले में उनके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस का दावा है कि आरोपी लंबे समय से फरार था, जिसे अब गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए इस कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई सर्वजीत लोधी की छवि खराब करने के उद्देश्य से की गई है और इसकी निंदा की।

चर्चा हैं कि पुलिस के अनुसार सर्वजीत लोधी वर्ष 2024 से फरार थे, तो उनकी गिरफ्तारी अब तक क्यों नहीं हो सकी। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि इस दौरान वे जिला पंचायत की बैठकों और कई राजनीतिक कार्यक्रमों में भी शामिल होते रहे।

उधर, कांग्रेस ने इस पूरे मामले को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूपेंद्र मोहासा ने कहा कि किसी केंद्रीय मंत्री को अपनी बात सोशल मीडिया पर रखने की नौबत आना भाजपा की अंदरूनी खींचतान को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में प्रशासनिक अधिकारी अब मंत्रियों की भी नहीं सुन रहे हैं या किसी की सुन रहे हैं किसी की नहीं सुन रहे हैं।

मोहासा ने कहा कि सर्वजीत लोधी की गिरफ्तारी के बाद सामने आए घटनाक्रम से भाजपा के भीतर समन्वय की कमी और वर्चस्व की लड़ाई उजागर हो गई है। उन्होंने इसे सत्ता के दुरुपयोग और संगठनात्मक असंतुलन का उदाहरण बताया।

फिलहाल पुलिस अपनी कार्रवाई को कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बता रही है, जबकि मंत्री के बयान और कांग्रेस के आरोपों के बाद राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।

आज दोपहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन समर्थकों के जुटने की तैयारी

वायरल सोशल मीडिया पोस्ट

बीजेपी नेता सर्वजीत लोधी की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार दोपहर 12 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपे जाने की तैयारी की ख़बर हैं जानकारी के अनुसार, इस दौरान सर्वजीत लोधी के समर्थक बड़ी संख्या में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच सकते हैं।

खबर गजेंद्र ठाकुर- 9302303212

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here