पर्ल्स निवेशकों ने विधायक प्रदीप लारिया को सौंपा ज्ञापन, भुगतान दिलाने की उठाई मांग

0

पर्ल्स निवेशकों ने विधायक प्रदीप लारिया को सौंपा ज्ञापन, भुगतान दिलाने की उठाई मांग

सागर, 5 जुलाई। पर्ल्स (PACL) में निवेश करने वाले लोगों ने वर्षों से अटकी अपनी जमा राशि वापस दिलाने की मांग को लेकर रविवार को नरयावली विधायक प्रदीप लारिया से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। रजाखेड़ी स्थित विधायक कार्यालय में बड़ी संख्या में पहुंचे निवेशकों ने शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग उठाई।

‘इंसाफ दी आवाज’ के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी अभय कुमार दुबे के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद बड़ी संख्या में निवेशकों को अब तक उनकी जमा पूंजी वापस नहीं मिल सकी है। उनका कहना था कि हजारों परिवार वर्षों से अपनी मेहनत की कमाई के लिए भटक रहे हैं।

निवेशकों ने बताया कि उन्होंने बच्चों की शिक्षा, बेटियों के विवाह और भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखकर पर्ल्स में निवेश किया था, लेकिन भुगतान नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से आग्रह किया कि इस मुद्दे को राज्य और केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाए, ताकि निवेशकों को जल्द राहत मिल सके।

इस पर विधायक प्रदीप लारिया ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि यह केवल आर्थिक नहीं बल्कि लोगों के विश्वास से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि वे इस विषय को पूरी गंभीरता के साथ संबंधित मंचों पर उठाकर समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

बैठक के दौरान निवेशकों ने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप से लंबे समय से लंबित भुगतान प्रक्रिया में तेजी आएगी और उन्हें उनकी जमा राशि वापस मिल सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here