सागर: लापता युवक का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला शरीर पर चोटों के निशान, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
सागर। जिले के बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम कुवायाला (Kuwayala) के 18 वर्षीय युवक का शव सुरखी थाना क्षेत्र के मोकलपुर तिराहा के पास फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लोकेश सिंह ठाकुर (18), पिता रविन्द्र सिंह ठाकुर, निवासी ग्राम कुवायाला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविन्द्र सिंह पंचायत सचिव हैं।
जानकारी के अनुसार, लोकेश सिंह शनिवार सुबह से लापता था। परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। रविवार को उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि युवक के शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बंडा रोड पर चक्काजाम कर दिया।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को उचित जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद समझाइश के उपरांत चक्काजाम समाप्त कराया गया।
बंडा थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह कुशवाहा से ख़बर का असर ने बात करनी चाही पर उनका मोबाइल नेटवर्क से बाहर बता रहा था।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के के बाद परिजनों को सौपा था जिसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने शव सड़क पर रख कर चक्काजाम कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।


