सागर मंदिर के पास जेसीबी से खुदाई में मिले चांदी के सिक्के
सागर। बंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुंडारी बुजुर्ग में मंगलवार को एक मंदिर के पास जेसीबी से खुदाई के दौरान विक्टोरिया काल के चांदी के सिक्के मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि गांव में मंदिर के समीप चल रहे खुदाई कार्य के दौरान जेसीबी मशीन की चोट से जमीन के भीतर दबे पुराने चांदी के सिक्के बाहर निकल आए। सिक्कों पर विक्टोरिया काल से जुड़े निशान और आकृतियां दिखाई देने की बात कही जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर सिक्कों के संबंध में जानकारी जुटाई। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
हालांकि समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका था कि कुल कितने सिक्के मिले हैं और उन्हें प्रशासन द्वारा किस प्रक्रिया के तहत सुरक्षित किया जाएगा। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।


