रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो बाघों की मौजूदगी की पुष्टि, दोनों घटनाओं का खुलासा

0

रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो बाघ सक्रिय, दोनों घटनाओं में अलग-अलग बाघ शामिल

सागर, 7 जुलाई। वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के मोहली परिक्षेत्र में हाल ही में हुई बाघों से जुड़ी घटनाओं को लेकर वन विभाग ने महत्वपूर्ण जानकारी जारी की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में दो अलग-अलग बाघ सक्रिय हैं और हाल की दोनों घटनाओं में एक ही बाघ शामिल नहीं था।

वन विभाग के अनुसार, 5 जुलाई को मोहली परिक्षेत्र में गश्त के दौरान दो वनकर्मियों के पास पहुंचे एक बाघ ने हमला कर दिया था। इस घटना में श्रमिक बाबूलाल रैकवार के पैर में गंभीर चोट आई थी। घटना के बाद बाघ की पहचान के लिए हाथियों की मदद से क्षेत्र में लगातार सघन गश्त की गई।

मंगलवार सुबह गश्त के दौरान महावत को घटनास्थल के पास एक बाघ शावक दिखाई दिया। विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार नवंबर 2025 में कैमरा ट्रैप में भी इस शावक की तस्वीर दर्ज हुई थी। उस समय उसकी आयु 9 से 12 माह आंकी गई थी, जबकि वर्तमान में उसकी आयु लगभग 15 से 18 माह है।

वनकर्मियों के बयान और घटनास्थल पर मिले पंजों के निशानों के आधार पर संभावना जताई गई है कि वनकर्मी पर हमला इसी शावक ने किया था।

वन विभाग ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले पटना-मोहली गांव में एक ग्रामीण पर बाघ के हमले की घटना हुई थी। दोनों घटनाओं को लेकर यह चर्चा थी कि इनमें एक ही बाघ शामिल है, लेकिन अखिल भारतीय बाघ गणना-2025 के दौरान कैमरा ट्रैप से प्राप्त तस्वीरों के विश्लेषण में स्पष्ट हुआ कि दोनों घटनाओं में अलग-अलग बाघ शामिल थे।

वन विभाग ने कहा है कि रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो बाघ सक्रिय रूप से विचरण कर रहे हैं। विभाग लगातार निगरानी रख रहा है और वन्यजीवों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही लोगों से जंगल क्षेत्र में सतर्कता बरतने और वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here