भोपाल। चर्चित हनीट्रैप मामले की आरोपी श्वेता जैन को पुलिस ने एक कारोबारी से कथित ब्लैकमेलिंग और रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक इंदौर के एक कारोबारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उससे करीब 1 करोड़ रुपए की मांग की जा रही थी और निजी जानकारी सार्वजनिक करने की धमकी दी जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भोपाल के मिनाल रेसीडेंसी से गिरफ्तारी किया हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अकेले काम कर रही थी या उसके साथ कोई संगठित नेटवर्क भी जुड़ा हुआ है। मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया चैट और आर्थिक लेनदेन की जानकारी खंगाली जा रही है। पुलिस को शक है कि पुराने संपर्कों और नेटवर्क का इस्तेमाल कर कारोबारी को दबाव में लिया गया।
श्वेता जैन का नाम इससे पहले मध्य प्रदेश के बहुचर्चित हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग प्रकरण में भी सामने आ चुका है। उस मामले में नेताओं, अफसरों और कारोबारियों को निशाना बनाकर कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के आरोप लगे थे।
बताया जा रहा है कि इस बार भी पुलिस पुराने कनेक्शन, सहयोगियों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं यह मामला बड़े ब्लैकमेलिंग रैकेट का हिस्सा तो नहीं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस जल्द कुछ अन्य लोगों से भी पूछताछ कर सकती है।
2019 में सामने आए मध्य प्रदेश हनीट्रैप मामले में कई महिलाओं और सहयोगियों की गिरफ्तारी हुई थी। उस दौरान नेताओं, अफसरों और कारोबारियों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपए की उगाही के आरोप सामने आए थे।


