सागर की वर्धमान कॉलोनी में सूने मकान पर चोरों का धावा, लाखों के गहने और 95 हजार नकद ले उड़े
सागर की वर्धमान कॉलोनी में एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर में रखे सोने-चांदी के गहने और नकद रकम लेकर फरार हो गए। घटना के समय परिवार दिल्ली-नोएड़ा गया हुआ था। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार फरियादी आदेश कुमार जैन (36) निवासी वर्धमान कॉलोनी, जैन मंदिर के पास ने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह 13 मई को पत्नी और बच्चों के साथ अपनी मां से मिलने नोएड़ा गए थे। 18 मई को जब परिवार वापस सागर लौटा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला और ताला टूटा हुआ था।
घर के अंदर पहुंचने पर देखा कि ऊपर वाले कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब है।
फरियादी के मुताबिक चोर पांच सोने की अंगूठियां, सोने की चेन, दो पेंडल, मंगलसूत्र, सोने का हार, बाला-बेदी, चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठियां सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा करीब 95 हजार रुपए नकद भी घर से गायब मिले।
सूचना मिलने पर पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। मोतीनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


