सरकारी कार्य से राजस्थान जाने निकले प्रधान आरक्षक की स्टेशन पर मृत्यु, हार्ट अटैक की आशंका
बीना/सागर। बांदरी थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक बालकिशन कोली की रविवार सुबह बीना रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक बालकिशन कोली शनिवार शाम को शासकीय कार्य से राजस्थान जाने के लिए बांदरी से निकले थे। रात में वे बीना स्थित अपने घर पर रुके थे। रविवार सुबह राजस्थान रवाना होने के लिए जब वे बीना रेलवे स्टेशन पहुंचे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल सूचना पुलिस एवं रेलवे प्रशासन को दी।
सूचना मिलने पर रेलवे अस्पताल से डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी अजय कुमार सनकत, बीना थाना प्रभारी अनूप यादव तथा बांदरी थाना प्रभारी सुमेर सिंह जगेत भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


